home page

दरभंगा में हुए सड़क हादसे में ऑटाे चालक की मौत

 | 

दरभंगा, 26 फ़रवरी (हि.स.)। बेनीपुर–दरभंगा मुख्य मार्ग पर धरौड़ा पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार काे हुए सड़क हादसे में ऑटाे चालक की मौत हो गई। मृतक प्रखंड क्षेत्र के सझुआर गांव निवासी भागीरथ राय के 42 वर्षीय इकलौते पुत्र रंजीत राय है।

जानकारी के अनुसार, रंजीत राय खाली टेंपो लेकर दरभंगा स्टेशन से सवारी लाने जा रहे थे। इसी दौरान धरौड़ा पेट्रोल पंप के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनके टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो सड़क किनारे बने एक झोपड़ीनुमा घर से टकराकर पलट गया। टेंपो के नीचे दब जाने से रंजीत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा क्षतिग्रस्त टेंपो को जब्त कर लिया। अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra