home page

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुशल नीतियों से बिहार ने अपना खोया हुआ गौरव पुनः प्राप्त किया : उमेश सिंह कुशवाहा

 | 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुशल नीतियों से बिहार ने अपना खोया हुआ गौरव पुनः प्राप्त किया : उमेश सिंह कुशवाहा


पटना, 22 मार्च (हि.स.)। बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने रविवार को बिहार दिवस के अवसर पर जारी बयान में कहा कि वर्ष 2005 के बाद बीते 21 वर्षों के सुशासन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुशल नीतियों और राज्य के विकास के प्रति प्रतिबद्धता के कारण बिहार ने अपना खोया हुआ गौरव और सम्मान पुनः प्राप्त किया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार की दूरदर्शी योजनाओं और ईमानदार सोच का परिणाम है कि बिहार आज हर क्षेत्र में प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। नालंदा में नया विश्वविद्यालय, राजगीर में खेल परिसर, पटना में मेट्रो परियोजना और विश्वस्तरीय जेपी गंगा पथ जैसे बड़े बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट राज्य की बदलती तस्वीर को दर्शाते हैं। इसके साथ ही गांव-गांव तक सड़कों का विस्तार भी विकास की गति को मजबूत कर रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहार ने वह समय भी देखा है जब अपराध के डर से लोगों को पलायन करना पड़ता था, जबकि आज राज्य अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का सफल मंच बन रहा है। दुनिया भर के खिलाड़ी यहां के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना कर रहे हैं, जो मुख्यमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुशासन का परिणाम है।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार अब ‘बीमारू राज्य’ की छवि से बाहर निकलकर विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है। पहले जहां बेटियों को शिक्षा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, वहीं आज बिहार, महिला पुलिस बल के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। साथ ही उद्योग-धंधों के विकास और रोजगार के अवसरों में भी लगातार वृद्धि हो रही है।

उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में भी बिहार का मॉडल देश के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने अंत में कहा कि बिहार दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि राज्य के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए विकास के लिए नए संकल्प लेने का अवसर भी है। यह दिन सभी को एक समृद्ध, सशक्त और विकसित बिहार के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी