home page

गोपालगंज में निर्माणाधीन आरसीसी पुल का स्पैन ढलाई के दौरान गिरा, तीन अभियंता निलंबित

 | 

पटना, 02 मार्च (हि.स.)। नाबार्ड राज्य योजना के तहत गोपालगंज जिले के सिधवलिया प्रखंड स्थित बखरौल कुर्मी टोला पथ पर घोघरी नदी के ऊपर निर्माणाधीन आरसीसी पुल की ढलाई के दौरान एक स्पैन क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना को ग्रामीण कार्य विभाग ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई की है।

विभाग ने गोपालगंज कार्य प्रमंडल-2 के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता को कार्य में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पुल निर्माण कार्य में लगे संवेदक बापूधाम कंस्ट्रक्शन, मोतिहारी के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, घोघरी नदी पर बन रहे इस आरसीसी पुल का एल-041 से एल-039 के बीच का एक हिस्सा ढलाई के दौरान ही अचानक गिर गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई।

ग्रामीण कार्य विभाग ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, नोडल पदाधिकारी और वरीय पुल सलाहकार को घटनास्थल पर भेजकर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार सभी कार्यपालक अभियंताओं को पुल निर्माण से पूर्व डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) की जांच वरीय पुल सलाहकार से कराने का स्पष्ट निर्देश दिया गया था, लेकिन संबंधित अभियंता और संवेदक ने इस निर्देश का पालन नहीं किया।

उल्लेखनीय है कि सिधवलिया प्रखंड के बखरौल कुर्मी टोला में इस पुल का निर्माण कार्य पिछले वर्ष 7 मार्च को शुरू किया गया था। विभाग ने इसे 6 मार्च, 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

विभाग ने 28 फरवरी को आयोजित समीक्षा बैठक में भी सभी कार्य प्रमंडलों को अपने-अपने पुल परियोजनाओं के डीपीआर की अनिवार्य रूप से पुल सलाहकार से समीक्षा कराने का निर्देश दोहराया था। विभाग का मानना है कि वरीय पुल सलाहकारों द्वारा तकनीकी जांच और मूल्यांकन से कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकती है तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सकेगी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी