बिहार में अगले दो दिन बारिश और वज्रपात का अलर्ट, कोसी बराज पर बढ़ी सतर्कता
पटना, 25 सितंबर (हि.स.)। बिहार के ज्यादातर जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवा और मेघगर्जन की गतिविधियां जारी रहेंगी।
शुक्रवार को पटना समेत 20 जिलों में कहीं भारी तो कहीं मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना जताई गई है। बारिश के कारण उत्तर बिहार में गर्मी से लोगों को काफी हद तक निजात मिली है। नेपाल में गुरुवार से रविवार तक भारी बारिश की चेतावनी के बीच भारत-नेपाल सीमा से सटे कोसी बराज और सुनसरी क्षेत्र में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
आज जिन जिलों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की गई है उनमें राजधानी पटना भी शामिल है। इसके अलावे प्रदेश के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, जहानाबाद नालंदा, गया, पूर्णिया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय जिलों के लिए बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट दिया गया है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम की गतिविधियों के अनुसार दिनचर्या तय करने की सलाह दी गई है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने के आसार जताए गए हैं।
पूर्णिया में आगामी तीन दिन बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान विभाग के सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि 25 और 26 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना है। 28 सितंबर तक गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
कल गुरुवार को भी राज्य के कई जिलों में आंधी और गरज तड़क के साथ बारिश हुई जिससे नुकसान भी हुआ। पूर्णिया में तेज आंधी से 50 घरों के छप्पड़ उड़ गए। समस्तीपुर में बारिश का दर्दनाक मंजर देखने को मिला। एक सरकारी स्कूल में पुराना पेड़ गिर गया जिसमें दबकर तीन छात्राओं की मौत हो गई। बांका में दीवार गिरने से एक महिला की जान चली गई।
कोसी बराज कंट्रोल रूम के अनुसार गुरुवार सुबह आठ बजे बराज से 1,09,795 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। दोपहर 12 बजे यह बढ़कर 1,40,260 क्यूसेक और दोपहर तीन बजे 1,71,410 क्यूसेक हो गया। शाम चार बजे बराज से 1,77,390 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। बराह क्षेत्र में सुबह आठ बजे 99,500 क्यूसेक, दोपहर 12 बजे 1,15,850 क्यूसेक, तीन बजे 1,09,400 क्यूसेक और शाम चार बजे 1,06,250 क्यूसेक डिस्चार्ज दर्ज किया गया। वहीं कोसी पश्चिमी मुख्य नहर में सिंचाई के लिए 3,800 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
मुख्य अभियंता वीरपुर ई. संजीव शैलेश ने बताया कि किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए कोसी के अभियंता 24 घंटे तैयार हैं।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

