भागलपुर में पुलिस ने 8.250 किलोग्राम गांजा किया बरामद,आरोपित फरार
भागलपुर, 17 जून (हि.स.)। भागलपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोराडीह थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर संचालित ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के अंतर्गत पुलिस ने छापेमारी कर 8.250 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
एसएसपी कार्यालय से बुधवार को जारी जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोराडीह थाना क्षेत्र के चौमुख गांव निवासी महेश चौधरी अपने घर में अवैध मादक पदार्थों का भंडारण कर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था) और गोराडीह थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने चौमुख गांव स्थित महेश चौधरी के घर पर विधिसम्मत छापेमारी की। हालांकि, पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपित मौके से फरार हो गया। इसके बाद घर की तलाशी लेने पर पुलिस ने वहां से 8.250 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है तथा आरोपित की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से अभियान लगातार जारी रहेगा। नशा कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे अवैध नेटवर्क को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

