home page

नागालैंड के राज्यपाल बनाए जाने पर नंदकिशोर यादव को भाजपा नेताओं ने दी बधाई

 | 
नागालैंड के राज्यपाल बनाए जाने पर नंदकिशोर यादव को भाजपा नेताओं ने दी बधाई


पटना, 06 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि नंदकिशोर यादव लंबे समय से संगठन और जनसेवा से जुड़े रहे हैं। उन्होंने बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उनके अनुभव और प्रशासनिक क्षमता का लाभ अब नागालैंड राज्य को मिलेगा।

नेताओं ने विश्वास जताया कि नंदकिशोर यादव अपने अनुभव और कार्यशैली से राज्यपाल के रूप में संवैधानिक दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे और राज्य के विकास तथा सुशासन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे बिहार के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता को इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना संगठन के लिए भी सम्मान की बात है। नेताओं ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की और आशा व्यक्त की कि वे अपनी नई भूमिका में भी जनहित को सर्वोपरि रखेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि नागालैंड के राज्यपाल के रूप में वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव को नियुक्त होने से उनकी नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण से नागालैंड राज्य विकास, शांति और समृद्धि की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वरिष्ठ भाजपा नेता नन्द किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर शुभकामनाएँ दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि नन्दकिशोर यादव का अनुभव और कौशलपूर्ण व्यवहार निश्चित ही राज्यपाल की भूमिका में अनुकरणीय होगा।

वहीं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि नन्द किशोर यादव के नागालैंड के राज्यपाल के रूप में नियुक्त होने से उनकी क्षमता, प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण से प्रदेश विकास और समृद्धि की नई ऊँचाइयों तक पहुंचेगा।

इसके साथ ही केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा समेत अन्य नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

इसके साथ ही लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर भी नेताओं ने हर्ष व्यक्ति किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त