home page

मुजफ्फरपुर में बागमती नदी का जलस्तर बढ़ने से कटरा प्रखंड के निचले इलाकों में फैला पानी

 | 
मुजफ्फरपुर में बागमती नदी का जलस्तर बढ़ने से कटरा प्रखंड के निचले इलाकों में फैला पानी


मुजफ्फरपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बागमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से कटरा प्रखंड के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। बकुची गांव के एक दर्जन से अधिक घर जलमग्न हो गए हैं, जबकि बकुची प्राथमिक विद्यालय और नवादा माध्यमिक विद्यालय के परिसर में भी पानी भर गया है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

बढ़ते जलस्तर के कारण बकुची घाट स्थित पीपा पुल से दूसरे दिन भी आवागमन बाधित रहा। हालांकि जान जोखिम में डालकर कई लोग पीपा पुल के रास्ते आवाजाही करते नजर आए। वहीं नदी किनारे सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि भी पानी में डूब गई है।

नवादा के पास बागमती नदी के मोड़ पर लगातार कटाव जारी है। कटाव के चलते बेनीबाद-औराई मुख्य सड़क पर खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से बचाव के लिए मिट्टी से भरी बोरियां तो रखी गई हैं, लेकिन यह व्यवस्था पर्याप्त नहीं है।

कुछ दिन पहले डीएम कुमार गौरव ने बाढ़ प्रभावित इलाके का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए थे। इसके बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि जलस्तर बढ़ने के साथ हालात लगातार बिगड़ रहे हैं।

बाढ़ प्रभावित ग्रामीण शांति देवी, देवकली देवी ने कहा कि गुरुवार देर रात से पानी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। घरों में पानी घुस गया है। खाना बनाने तक में दिक्कत हो रही है। प्रशासन से जल्द राहत की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी