home page

कृषि क्षेत्र को मिलेगी डाक विभाग की व्यापक नेटवर्किंग की ताकतः विजय कुमार सिन्हा

 | 
कृषि क्षेत्र को मिलेगी डाक विभाग की व्यापक नेटवर्किंग की ताकतः विजय कुमार सिन्हा


- 9,673 डाकघरों के नेटवर्क का मिलेगा लाभ-जैविक उत्पादों के विपणन और निर्यात में सहयोग करेगा डाक विभाग

पटना, 09 नवंबर (हि.स.)। बिहार में कृषि उपादानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कृषि विभाग और डाक विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। कृषि विभाग, बिहार सरकार तथा डाक विभाग, केंद्र सरकार के बिहार परिमंडल के बीच सोमवार को कृषि उपादानों के नमूनों को सुरक्षित एवं समयबद्ध तरीके से जांच प्रयोगशालाओं तक पहुंचाने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस व्यवस्था के तहत अब उर्वरक, कीटनाशी और बीज के नमूने डाक विभाग के माध्यम से जांच के लिए भेजे जा सकेंगे। इससे नमूनों की जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी और निजी कूरियर पर निर्भरता कम होगी।

इस अवसर पर कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस समझौते से कृषि क्षेत्र को डाक विभाग के व्यापक नेटवर्क और सेवाओं की ताकत मिलेगी। उन्होंने कहा कि डाक विभाग का सहयोग केवल कृषि उपादानों के नमूनों को प्रयोगशालाओं तक पहुंचाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि राज्य के किसानों की उन्नति और आर्थिक समृद्धि में भी उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होनी चाहिए।

मंत्री ने डाक विभाग के माध्यम से किसानों को बीज, कीटनाशक, जैविक उर्वरक सहित अन्य आवश्यक कृषि उत्पादों की होम डिलीवरी की व्यवस्था विकसित करने की दिशा में पहल करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि संबंधी आवश्यक सामग्री आसानी से उपलब्ध कराने के लिए डाक विभाग के नेटवर्क का उपयोग किया जा सकता है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को विशेष लाभ मिलेगा।

विजय कुमार सिन्हा ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों द्वारा उत्पादित जैविक और प्राकृतिक कृषि उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में भी डाक विभाग सहयोग करे। इन उत्पादों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के साथ-साथ उनके विपणन और निर्यात को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी काम किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को केवल कृषि उत्पादन तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि उन्हें बाजार से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने और आर्थिक समृद्धि के नए अवसर उपलब्ध कराना भी है। इसके लिए कृषि विभाग और डाक विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना आवश्यक है।

कृषि मंत्री ने कहा कि यह समझौता कृषि उपादानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, नकली और घटिया उत्पादों पर अंकुश लगाने तथा कृषि क्षेत्र में आधुनिक एवं प्रभावी सेवा व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत कीटनाशक, बीज और उर्वरक के नमूनों को पूरी सुरक्षा एवं गोपनीयता के साथ जांच प्रयोगशालाओं तक भेजा जा सकेगा।

इस अवसर पर निदेशक डाक सेवाएं प्रियंका जैन ने कहा कि डाक विभाग किसानों के हित में अपनी सेवाओं और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कृषि क्षेत्र में विभागीय नेटवर्क के बेहतर उपयोग और किसानों तक सेवाएं पहुंचाने के प्रति प्रतिबद्धता जताई।

इस व्यवस्था से नमूनों के प्रेषण में होने वाली देरी कम होगी और जांच प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनेगी। साथ ही निजी कूरियर सेवाओं पर निर्भरता भी समाप्त होगी। बिहार में डाक विभाग के 9,673 डाकघरों के व्यापक नेटवर्क का लाभ इस पहल को मिलेगा। इससे राज्य के दूरदराज के क्षेत्रों से भी कृषि उपादानों के नमूनों को जांच प्रयोगशालाओं तक पहुंचाना आसान होगा।------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी