मुजफ्फरपुर में मां-बेटी की फंदे से लटककर मौत, डेढ़ साल के बेटे की बची जान
मुजफ्फरपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुजफ्फरपुर शहर के सदर थाना क्षेत्र स्थित जगन्नाथ पताही के लक्ष्मी नगर में मंगलवार को एक महिला अपने दो बच्चों के साथ फंदे से लटक गई। घटना में महिला रीना कुमारी (28) और उसकी चार वर्षीय बेटी टुकटुक की मौत हो गई, जबकि डेढ़ साल का बेटा चंदन फंदे से नीचे गिर गया, जिससे उसकी जान बच गई। बच्चे का इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रीना कुमारी पारू प्रखंड के चिंतावनपुर निवासी निर्भय कुमार की पत्नी थी। निर्भय एक निजी स्कूल में पढ़ाते हैं और घर-घर जाकर ट्यूशन भी देते हैं।
मृतका के पिता लाल बाबू ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। कमरे में उनकी बेटी और नतनी के शव फंदे से लटके हुए थे। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनकी बेटी ने यह कदम क्यों उठाया।
स्थानीय मुखिया संजय कुमार ने बताया कि फोन पर घटना की जानकारी मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे। उनके अनुसार, परिवार पिछले डेढ़ साल से किराये के मकान में रह रहा था। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे की वजह उन्हें भी पता नहीं है।
सदर थानेदार नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि मां और बेटी ने बंद कमरे में फांसी लगाई थी। दोनों की मौत हो गई। कमरे का दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला गया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने जांच की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में परिवार के आर्थिक तंगी से जूझने की बात सामने आई है। मामले की जांच जारी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

