home page

बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंत्रियों ने संभाला कार्यभार

 | 
बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंत्रियों ने संभाला कार्यभार


बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंत्रियों ने संभाला कार्यभार


बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंत्रियों ने संभाला कार्यभार


-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा: निशांत कुमार

पटना, 08 मई (हि.स.)। बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद शुक्रवार को कई मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों का कार्यभार संभाला। इस दौरान नए मंत्रियों ने विभागीय कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया और अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया।

इसी क्रम में दीपक प्रकाश ने पंचायती राज विभाग का कार्यभार संभाला, जबकि अशोक चौधरी ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा केदार प्रसाद गुप्ता ने पर्यटन विभाग, मदन सहनी ने मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग तथा नंदकिशोर राम ने पशुपालन विभाग का पदभार ग्रहण किया।

वहीं श्रवण कुमार ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। साथ ही डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने भी राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया।

इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने स्वास्थ्य विभाग का कार्यभार संभालते ही राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता बिहार में सभी लोगों को समान और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना होगा।

निशांत कुमार ने कहा, “मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जो जिम्मेदारी मुझे दी है, उसे मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने की कोशिश करूंगा।” उन्होंने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार में, विशेषकर स्वास्थ्य क्षेत्र में, जो कार्य किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मंत्री बनने के बाद वह पहले विभागीय कार्यों को समझने और सीखने पर ध्यान देंगे, उसके बाद स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए बड़े फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने और जनता का विश्वास हासिल करने के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करेंगे।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात भी की। वर्तमान मंत्रिमंडल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 15, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के 13, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 2, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के 1 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रोलोमो) के 1 मंत्री शामिल हैं।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी