home page

बिहार में महत्वपूर्ण खनिजों की नीलामी को बढ़ावा देने हेतु 17 अगस्त को पटना में हाेगा रोड शो

 | 
बिहार में महत्वपूर्ण खनिजों की नीलामी को बढ़ावा देने हेतु 17 अगस्त को पटना में हाेगा रोड शो


पटना, 13 अगस्त (हि.स.)। खान एवं भूतत्व विभाग, बिहार सरकार के सौजन्य से आगामी 17 अगस्त को पटना स्थित होटल मौर्या में महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज (क्रिटिकल मिनरल्स) ब्लॉकों की नीलामी के संबंध में एक भव्य रोड शो तथा राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण एवं विकास न्यास (एनएमईडीटी ) पर आधारित कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।

इसकी जानकारी देते हुए बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार ने गुरुवार काे बताया कि यह कार्यक्रम भारत सरकार के खान मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की 8वें चरण की नीलामी, बिहार में उपलब्ध महत्वपूर्ण खनिज संपदा, नीलामी प्रक्रिया, ई-निविदा प्रणाली तथा निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी निवेशकों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे करेंगे। इस अवसर पर बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार सहित खान मंत्रालय, भारत सरकार, खनिज अन्वेषण एवं परामर्श लिमिटेड (एमईसीएल), भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई ) के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकार के प्रतिनिधि, उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा संभावित निवेशक उपस्थित रहेंगे।

प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार खनिज संसाधनों की दृष्टि से अत्यंत संभावनाशील राज्य है और राज्य सरकार खनिज क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रभावी पहल कर रही है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा गया एवं रोहतास जिलों में स्थित मैग्नेटाइट, वैनेडियम तथा ग्लॉकोनाइट खनिज ब्लॉकों की नीलामी की जा रही है। ऐसे में यह रोड शो निवेशकों को उपलब्ध अवसरों, नीलामी प्रक्रिया तथा राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करने का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगा।

मंत्री ने कहा कि यह आयोजन बिहार में खनिज आधारित उद्योगों के विकास को नई दिशा देगा। इससे देश-विदेश के निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा, राज्य में निवेश को गति मिलेगी तथा खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक, पारदर्शी एवं सतत दोहन को प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पत्थर खनन क्षेत्र के विकास को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में नवादा जिले के आठ पत्थर खनन पट्टों के लिए निविदा प्रकाशित की जा चुकी है तथा औरंगाबाद, गया, शेखपुरा एवं बांका जिलों के पत्थर खनन पट्टों के लिए भी 15 अगस्त तक निविदाएं जारी कर दी जाएंगी। इन खनन इकाइयों के संचालन से स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा राज्य के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

उन्होंने बताया कि खनन पट्टों के आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर उन्हें पांच वर्ष की अवधि के लिए प्रदान किया जाएगा। प्रमोद कुमार ने विश्वास व्यक्त किया कि 17 अगस्त को आयोजित यह रोड शो बिहार को खनिज क्षेत्र में निवेश के एक आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा तथा राज्य के औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन और आर्थिक प्रगति को नई गति प्रदान करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी