home page

'मन की बात' राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुका है: संजय सरावगी

 | 
'मन की बात' राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुका है: संजय सरावगी


'मन की बात' राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुका है: संजय सरावगी


पटना, 28 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को पटना स्थित अपने आवास पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें संस्करण का श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि 'मन की बात' केवल संवाद का मंच नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भरता, जनभागीदारी और सेवा के लिए प्रेरित करने वाला एक सशक्त माध्यम बन चुका है।

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भारत की विभिन्न उपलब्धियों और जनकल्याणकारी अभियानों का उल्लेख किया। उन्होंने भारतीय नौसेना में शामिल किए गए स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस दुनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय का जिक्र करते हुए कहा कि इनकी डिजाइन से लेकर निर्माण तक की पूरी प्रक्रिया भारत में ही पूरी हुई है। यह आत्मनिर्भर भारत अभियान और देश की बढ़ती रक्षा क्षमता का सशक्त उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में नालंदा विश्वविद्यालय की गौरवशाली ज्ञान परंपरा और भारत की समृद्ध बौद्धिक विरासत का भी उल्लेख किया। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक और शैक्षणिक धरोहर से जोड़ने का संदेश दिया गया। साथ ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जरिए वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के प्रयासों की भी चर्चा की गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 'वोकल फॉर लोकल' को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया, जिससे स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और उद्यमियों को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी और युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर भी प्रेरणादायी विचार रखे।

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रत्येक 'मन की बात' कार्यक्रम समाज के हर वर्ग को सकारात्मक सोच, सेवा भावना और राष्ट्रहित में योगदान देने की प्रेरणा देता है। उनके अनुसार यह कार्यक्रम देशवासियों को 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' और 'विकसित भारत' के संकल्प से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन गया है।

इस बीच भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में भी 'मन की बात' कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन, पूर्व मंत्री नीरज कुमार बबलू सहित पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद शंभू शरण पटेल, विधान पार्षद निवेदिता सिंह, सवर्ण आयोग के अध्यक्ष महाचन्द्र प्रसाद सिंह, सुरेश रुंगटा, पूर्व विधान पार्षद मनोज सिंह, राधा मोहन शर्मा, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, मुख्यालय प्रभारी अक्षय कुमार, सतीश यादव, कार्यालय मंत्री विनय केशरी, उपेंद्र सिंह, विकास कुमार, विनोद शर्मा, आशीष कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संदेशों को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रेरणादायी बताया।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त