home page

एनडीए के सुशासन और विकास की जीत, तथाकथित महागठबंधन को जनता ने पुनः नकारा: उमेश सिंह कुशवाहा

 | 
एनडीए के सुशासन और विकास की जीत, तथाकथित महागठबंधन को जनता ने पुनः नकारा: उमेश सिंह कुशवाहा


पटना, 28 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार प्रदेश जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बुधवार को बयान जारी कर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार सहित एनडीए के सभी विजयी प्रत्याशियों की ऐतिहासिक जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही, उन्होंने एनडीए के कार्यकर्ताओं और शिक्षक-स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के प्रबुद्ध मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह विजय हमारे सर्वमान्य नेता एवं ‘विकास पुरुष’ नीतीश कुमार के पिछले 20 वर्षों के सुशासन और विकास कार्यों पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने बीते 20 वर्षों के दौरान युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, शिक्षा व्यवस्था में क्रांतिकारी सुधार लाने तथा शिक्षकों के हितों एवं अधिकारों की रक्षा के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इन कार्यों के प्रति मतदाताओं में एनडीए के पक्ष में खासा उत्साह देखने को मिला। यह चुनाव परिणाम उसी विश्वास को प्रमाणित करता है।

उन्हाेंने कहा बिहार के प्रबुद्ध एवं बुद्धिजीवी मतदाताओं ने मुख्यमंत्री सम्राट चाैधरी एवं लोकप्रिय स्वास्थ्य मंत्री निशांत की विकासपरक जोड़ी पर भी भरोसा जताया है। यह जनसमर्थन बिहार को प्रगति के नए आयामों तक ले जाने के एनडीए के संकल्प को और मजबूती प्रदान करता है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बाद इस चुनाव परिणाम ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि तथाकथित महागठबंधन दूर दूर तक एनडीए को चुनौती देने की स्थिति में नहीं है। विपक्ष के नकारात्मक रवैये और खोखले दावों के मुकाबले जनता ने सुशासन, विकास और जनहित को प्राथमिकता दी है। जनता का विश्वास दिनोंदिन एनडीए के प्रति और मजबूत हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी