home page

पटना में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही होली, रंग-गुलाल से सराबोर हुआ शहर

 | 

पटना, 04 मार्च (हि.स.)। रंगों का पावन पर्व होली राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही लोग एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दे रहे हैं और सामाजिक समरसता का संदेश फैला रहे हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक उत्सव का माहौल बना हुआ है।

सुबह होते ही पटना के मोहल्लों, गलियों और चौक-चौराहों पर बच्चों एवं युवाओं की टोलियां रंग और गुलाल के साथ नजर आईं। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक होली गीतों की धुन पर लोग झूमते दिखे। कई जगहों पर लोग एक-दूसरे के घर पहुंचकर अबीर-गुलाल लगाते हुए बधाइयां दे रहे हैं।

घरों में पारंपरिक व्यंजनों की भी धूम है। मालपुआ, दही-बड़ा, पूड़ी, कचौड़ी और ठंडाई जैसे पकवानों से मेहमानों का स्वागत किया जा रहा है। महिलाएं और बुजुर्ग पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर उत्सव में भाग ले रहे हैं। बच्चों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

त्योहार को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

होली के अवसर पर लोगों ने आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया और प्रेम, सद्भाव तथा एकता का संदेश दिया।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त