दिल्ली में बिहार की समस्या को लेकर हुई बैठक में उच्चस्तरीय जलाशय निर्माण पर हुई सार्थक चर्चा : विजय चौधरी
-कोसी सहित अन्य नदियों पर जलाशय निर्माण में बिहार की भागीदारी पर बनी सहमति
पटना, 22 अगस्त (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने दिल्ली में हुई उच्चस्तरीय बैठक में बिहार से जुड़ी दशकों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल होने पर प्रसन्नता जताई है। शनिवार को उन्होंने बताया कि नेपाल में कोसी सहित अन्य नदियों पर प्रस्तावित उच्चस्तरीय जलाशयों के निर्माण पर चर्चा हुई और संयुक्त परियोजना कार्यालय (जेपीओ), विराटनगर में बिहार के प्रतिनिधि को शामिल करने का निर्देश दिया गया है।
विजय चौधरी ने कहा कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस दिशा में सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है। इसके बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 के बजट प्रावधानों में सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण के क्षेत्र में विशेष सहायता की घोषणा की गई है। कोसी-मेची लिंक सहित अन्य परियोजनाओं में प्रक्रियात्मक विलंब को दूर करते हुए सभी औपचारिकताएं तेजी से पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में फरक्का बराज और भारत-बांग्लादेश संधि से जुड़े बिहार के हितों और चिंताओं पर भी चर्चा हुई। विदेश मंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस वर्ष के अंत में संधि के नवीकरण के दौरान बिहार से जुड़े इन मुद्दों की समीक्षा की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि यह बैठक शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल पर बुलाई गई थी। इसमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री एस. जयशंकर के अलावा जल शक्ति मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बिहार की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और सांसद संजय कुमार झा ने बैठक में भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

