home page

पूर्व एमएलसी डाॅ. अजय कुमार सिंह ने थामा जदयू का दामन

 | 
पूर्व एमएलसी डाॅ. अजय कुमार सिंह ने थामा जदयू का दामन


पटना, 12 अप्रैल (हि.स.)। बिहार की राजनीति में रविवार को तब एक अहम बदलाव देखने को मिला, जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधान पार्षद डॉ. अजय कुमार सिंह ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का दामन थाम लिया। उन्होंने रविवार को पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने उन्हें सदस्यता पर्ची प्रदान कर औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल कराया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने डॉ. सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया।

प्रदेश अध्यक्ष कुशवाहा ने कहा कि डॉ. अजय कुमार सिंह के जदयू में शामिल होने से भोजपुर-बक्सर क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि डॉ. सिंह के लंबे सामाजिक और राजनीतिक अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा और ‘न्याय के साथ विकास’ की नीति को और अधिक गति मिलेगी।

डॉ. सिंह के जदयू में आने को पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। उनके जुड़ने से न केवल संगठनात्मक ढांचे को मजबूती मिलेगी, बल्कि जमीनी स्तर पर भी पार्टी की पकड़ और सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है।

इस मौके पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, विधायक दुलाल चंद गोस्वामी, अनिल कुमार, वासुदेव कुशवाहा समेत कई प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी