home page

बिहार कांग्रेस ने की संगठन सृजन अभियान की समीक्षा, 20 जून तक प्रदेश कमिटी का गठन: राजेश राम

 | 
बिहार कांग्रेस ने की संगठन सृजन अभियान की समीक्षा, 20 जून तक प्रदेश कमिटी का गठन: राजेश राम


पटना, 12 मई (हि.स.)। बिहार कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में मंगलवार को मैराथन बैठकें आयोजित की गई। सबसे पहले 53 सांगठनिक जिलों के अध्यक्षों के साथ बैठक हुई इसके ठीक बाद सभी जिला पर्यवेक्षकों और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक हुई।

संगठन सृजन अभियान की समीक्षा के लिए बुलाई गई इन बैठकों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि प्रखंड स्तर पर आगामी 5 जून तक संगठन सृजन का काम हर हाल में पूरा कर लेना है। राजेश राम ने स्पष्ट कहा कि तय सीमा में काम करना सबके लिए अनिवार्य है, पार्टी अनुशासन के मामले में किसी भी स्तर पर कोई ढील नहीं देगी।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि हर हाल में 20 जून तक सभी जिला कमिटियों और प्रदेश कमिटी का गठन कर लिया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने संगठन के व्यापक स्वरूप पर चर्चा की और स्पष्ट कहा कि जो लोग मेहनत कर रहे हैं वह चाहे नए लोग हों या पुराने पार्टी में उनकी बड़ी भूमिका तय की जाएगी। नए लोगों को पूरा अवसर दिया जाएगा। सेकेंड लाइनर लीडरशिप को आगे बढ़ाकर कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूती दी जाएगी। इसी के साथ राज्य भर में फैली कांग्रेस की परिसंपत्तियों पर से भू माफिया का कब्जा हटाकर राज्य के निर्माण में उनका इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाएगा ।

बैठक में विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता डॉ मदन मोहन झा, कांग्रेस विधायक दल के पूर्व नेता डॉ शकील अहमद खान, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव शाहनवाज आलम , पूनम पासवान, तौकीर आलम , अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, कनेक्ट सेंटर के मिन्नत रहमानी, पूर्व डीजीपी करुणा सागर,सहित कनेक्ट सेंटर के सभी सदस्य , सभी जिला अध्यक्ष , जिला पर्यवेक्षक सहित प्रमुख नेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त