home page

संगठन सृजन कार्यक्रम को मजबूत बनाने पर कांग्रेस ने की चर्चा

 | 
संगठन सृजन कार्यक्रम को मजबूत बनाने पर कांग्रेस ने की चर्चा


पटना, 08 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने राज्य में चलाए जा रहे संगठन सृजन कार्यक्रम को लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम की अध्यक्षता में रविवार काे जिला पर्यवेक्षकों एवं बीपीसीसी कनेक्ट सदस्यों की बैठक हुई।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने सभी जिला पर्यवेक्षकों से संगठन सृजन कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा निर्देश दिया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का संगठन जितना मजबूत होगा, उतनी ही प्रभावी ढंग से आम जनता की समस्याओं को उठाया जा सकेगा।

राजेश राम ने कहा कि संगठन सृजन कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना और समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित जिम्मेदारी देना है। उन्होंने सभी पर्यवेक्षकों से कहा कि वे निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने-अपने जिलों में संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाएं।

बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पर्यवेक्षकों को यह निर्देश दिया गया कि वे जिलों में सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य करें। बीपीसीसी कनेक्ट सदस्यों में मिन्नत रहमानी , राजीव मेहता , पंकज यादव , ई कमल कमलेश एवं विमलेश तिवारी मौजूद थे।

बैठक में अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, पूर्व विधायक प्रतिमा कुमारी दास, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, मिन्नत रहमानी, पंकज यादव, राजीव मेहता, सौरभ सिन्हा, रीता सिंह, कमल कमलेश, कमलदेव नारायण शुक्ला सहित सभी जिला पर्यवेक्षक मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त