home page

बिहार के 899 राजस्व न्यायालयों में होगी वर्चुअल सुनवाई : सम्राट चौधरी

 | 
बिहार के 899 राजस्व न्यायालयों में होगी वर्चुअल सुनवाई : सम्राट चौधरी


- मुख्यमंत्री ने राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली के तहत वर्चुअल सुनवाई व्यवस्था का किया लोकार्पण- सुनवाई की रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन से बढ़ेगी पारदर्शिता, आदेशों की गुणवत्ता जांचने के लिए बनेगा विशेष सेल

पटना, 23 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (आरसीएमएस) के तहत वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिहार के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों में अब वर्चुअल माध्यम से मामलों की सुनवाई होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में राजस्व से जुड़े करोड़ों आवेदन और मामले लंबित रहते हैं। नई व्यवस्था लागू होने से इनके निष्पादन में तेजी आएगी और न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ भी कम होगा। यह पहल सरकार के सात निश्चय-3 के तहत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

उन्होंने कहा कि वर्चुअल सुनवाई से आम लोगों के समय और संसाधनों की बचत होगी। लोगों को सुनवाई के लिए दूर-दराज से राजस्व न्यायालयों तक आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे विशेष रूप से गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को राहत मिलेगी तथा उन्हें सुलभ तरीके से न्याय मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रणाली के माध्यम से सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन उपलब्ध रहेगा। इससे न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और सुनवाई की गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने पारित आदेशों की स्क्रूटिनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, जिससे कि आदेशों की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बेहतर हो सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था की व्यापक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए, जिससे कि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने आदेशों की गुणवत्ता की नियमित जांच के लिए विशेष सेल गठित करने का भी निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनवाई से संबंधित सूचना एसएमएस के माध्यम से भेजने के साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए कॉल सेंटर के माध्यम से संबंधित पक्षकारों को सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी को भी सुनवाई की तिथि और समय की जानकारी मिलने में परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल डिजिटल बिहार के निर्माण और आधुनिक, जवाबदेह एवं पारदर्शी राजस्व व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल सहित सभी जिलाधिकारी तथा राजस्व न्यायालयों से जुड़े पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी