home page

समृद्धि यात्रा के दौरान जमुई पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने योजनाओं के तेज क्रियान्वयन पर दिया जोर

 | 
समृद्धि यात्रा के दौरान जमुई पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने योजनाओं के तेज क्रियान्वयन पर दिया जोर


जमुई, 18 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जमुई जिले के लछुआड़ में बुधवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के तहत घोषित योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने कहा कि ‘सात निश्चय-2’ के तहत संचालित योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए और ‘सात निश्चय-3’ के तहत निर्धारित कार्यक्रमों पर भी जल्द काम शुरू किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 20 नवंबर 2025 को नई सरकार के गठन के बाद राज्य को देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल करने के उद्देश्य से ‘सात निश्चय-3’ लागू किया गया है। इसके सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ का लक्ष्य आम नागरिकों के जीवन को सरल बनाना और उनकी दैनिक परेशानियों को कम करना है।

उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि हर व्यक्ति को सम्मान मिले और उसका जीवन सहज बने। इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को लागू करने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने रोजगार के मुद्दे पर भी जोर देते हुए कहा कि सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष आर्थिक पैकेज दिए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उद्यमियों को आकर्षित करने के लिए सभी जिलों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और स्टार्टअप नीति के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को दक्ष और सक्षम बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी