home page

मुख्यमंत्री ने पटना-बेतिया एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण,परियोजना में तेजी लाने के दिए निर्देश

 | 
मुख्यमंत्री ने पटना-बेतिया एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण,परियोजना में तेजी लाने के दिए निर्देश


पटना, 13 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को सारण जिले में बकरपुर-मानिकपुर सड़क पर रुककर पटना-बेतिया एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य के प्रथम खंड का निरीक्षण किया और अधिकारियों को इसे निर्धारित समय सीमा में तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने परियोजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि पटना से बेतिया को जोड़ने वाली यह ग्रीनफील्ड परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि इसके प्रथम खंड का निर्माण अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि यह परियोजना बिहार की प्रमुख कनेक्टिविटी योजनाओं में से एक है। इसके पूरा होने के बाद पटना से बेतिया की दूरी को महज तीन घंटे में तय किया जा सकेगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण से मौजूदा सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा और आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनेगा। साथ ही, यह परियोजना वैशाली, सारण, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण जिलों को सीधे पटना से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ग्रीनफील्ड परियोजना के पूरा होने से उत्तर बिहार के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी और क्षेत्र में व्यापार, उद्योग तथा रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता न करते हुए तय समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य को पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी