home page

गन्ना किसानों की समृद्धि और चीनी उद्योग का विकास सरकार की प्राथमिकता : सम्राट चौधरी

 | 
गन्ना किसानों की समृद्धि और चीनी उद्योग का विकास सरकार की प्राथमिकता : सम्राट चौधरी


-मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के लिए ‘गन्ना विकास रथ-2026’ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना-बिहार में 10 चीनी मिलें चालू, पांच और जल्द होंगी शुरू

पटना, 17 नवम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के सामने आयोजित कार्यक्रम में गन्ना उद्योग विभाग की ओर से शुरू किए गए ‘गन्ना विकास रथ-2026’ अभियान का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के लिए गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में गन्ना किसानों की समृद्धि, गन्ना उत्पादन में वृद्धि और चीनी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। राज्य में फिलहाल 10 चीनी मिलें कार्यरत हैं, जबकि पांच और चीनी मिलें जल्द शुरू की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि ‘समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार’ के संकल्प के साथ शुरू किया गया यह अभियान किसानों तक आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नई चीनी मिलों की स्थापना और बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों के पुनरुद्धार के माध्यम से राज्य के चीनी उद्योग को सशक्त बनाया जाएगा। गन्ने की खेती किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में भी सहायक होगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘गन्ना विकास रथ-2026’ किसानों को आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ बिहार में गन्ना उत्पादन तथा चीनी उद्योग के विकास को नई दिशा देगा।

गन्ना विकास रथों के माध्यम से किसानों को गन्ने की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती, जैविक खाद और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान तथा मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के अंतर्गत प्रमाणित गन्ना बीज पर दिए जाने वाले अनुदान के प्रति भी किसानों को जागरूक किया जाएगा।

राज्य के नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को निःशुल्क गन्ना बीज की उपलब्धता की जानकारी दी जाएगी। डिजिटल तकनीक के माध्यम से किसानों को सुविधाजनक और सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने की भी पहल की गई है। इसके तहत ‘गन्ना आईडी’ और ‘गन्ना साथी’ एआई चैटबॉट के माध्यम से किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा किसान गोष्ठियों और नुक्कड़ नाटकों के जरिए जागरूकता तथा जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह एवं संजय कुमार सिंह, गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी