home page

आपदा पीड़ितों की सहायता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : श्रवण कुमार

 | 
आपदा पीड़ितों की सहायता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : श्रवण कुमार


- नालंदा में मृतक सूरज कुमार के आश्रित परिवार को सौंपा सहायता राशि का चेक

नालंदा, 13 जुलाई (हि.स.)। बिहार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि आपदा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमेशा कहा करते थे कि राज्य सरकार के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ित परिवारों का है। राज्य सरकार इसी भावना के साथ आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और सहायता के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मंत्री सोमवार को बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-47 स्थित खरजम्मा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने आपदा में मृतक सूरज कुमार की आश्रित माता टुन्नी देवी को राज्य सरकार की ओर से स्वीकृत अनुग्रह सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता का भरोसा दिलाया।

श्रवण कुमार ने कहा कि किसी परिवार के सदस्य की असामयिक मृत्यु की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार का दायित्व है कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्रभावित परिवारों को राहत और सहायता समय पर मिले तथा उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

श्रवण कुमार ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में धैर्य बनाए रखना आवश्यक है। सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। 'न्याय के साथ विकास' की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए बिहार ने विकास की नई पहचान बनाई है और वर्तमान सरकार उसी विकास मॉडल को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के समग्र विकास के साथ प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार, प्रखंड जदयू अध्यक्ष धनंजय प्रसाद कुशवाहा, जिला जदयू प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार, देव युगल किशोर, मुखिया विश्वास सिंह, मुखिया प्रमोद यादव, रामजन्म रविदास, मुकेश पासवान, बिट्टू कुशवाहा, पुष्प राज सिंह, छोटू कुमार, नीतीश पांडेय, नवीन राउत, राजू साव, महेश पांडेय, आकाश कुमार काजल, संजय राम, उदय प्रसाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी