home page

भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए समर्पित : संजय सरावगी

 | 
भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए समर्पित : संजय सरावगी


भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए समर्पित : संजय सरावगी


पटना, 16 मई (हि.स.)। बिहार में सीवान जिले के जीरादेई प्रखंड अंतर्गत ग्राम जामापुर स्थित डिवाइन पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ कार्यक्रम का शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी द्वारा भव्य उद्घाटन किया गया। इस मौके पर अपने सम्बोधन में कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए समर्पित है।

कार्यक्रम का शुभारंभ एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला एक वैचारिक संगठन है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी द्वारा प्रतिपादित ‘एकात्म मानववाद’ आज भी भाजपा की विचारधारा और कार्यशैली का मूल आधार है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं तक पहुंचा है। भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो राष्ट्र को एकसूत्र में बांध सकती है। देश के हर प्रांत के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन कामयाब रहा है। यह प्रशिक्षण वर्ग संगठन की वैचारिक चेतना को सशक्त बनाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन की मजबूती का आधार प्रशिक्षित और जागरूक कार्यकर्ता होते हैं। ऐसे प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यशैली, सामाजिक दायित्व और जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा हमेशा राष्ट्रहित, सांस्कृतिक मूल्यों और गरीब कल्याण की राजनीति करती रही है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, दरौंदा के विधायक करनजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी, क्षेत्रीय प्रभारी संतोष पाठक, जिला प्रभारी लालबाबू कुशवाहा, जिले एवं प्रदेश के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का संदेश दिया गया।

इससे पहले सिवान प्रवास पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के पहुंचने पर पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सिवान के गोपालगंज मोड़ पर भी नगर महामंत्री अर्जुन गुप्ता, वीरेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अपने अध्यक्ष का स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त