नए साथियों के जुड़ने से बिहार में भाजपा का संगठन और होगा मजबूत : संजय सरावगी
पटना, 15 जुलाई (हि.स.)। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले राज्य में सियासी सरगर्मी बढ़ती नजर आ रही है। बुधवार को जन सुराज के कई प्रमुख नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नीतियों और भारतीय जनता पार्टी की विकासवादी विचारधारा से प्रभावित होकर पूरे देश में लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज विपक्षी दलों के भीतर निराशा और वैचारिक शून्यता का माहौल है, जबकि भाजपा विकास, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। यही कारण है कि विभिन्न दलों के नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता लगातार भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।
संजय सरावगी ने कहा कि जिन नेताओं ने आज भाजपा का दामन थामा है, वे अपने-अपने क्षेत्रों में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं और समाज के बीच उनकी मजबूत पहचान है। उनके अनुभव, सामाजिक स्वीकार्यता और जनसंपर्क का लाभ भारतीय जनता पार्टी को मिलेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नए साथी संगठन की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत तथा बिहार में एनडीए सरकार के विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने वाली पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से कार्य करने वाला एक सशक्त संगठन है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, सुशासन और अंत्योदय के सिद्धांतों के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। इन्हीं उपलब्धियों और भाजपा की कार्यशैली पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार विकास और सुशासन के एजेंडे पर तेजी से काम कर रही है। ऐसे समय में विभिन्न दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं का भाजपा में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि जनता और राजनीतिक कार्यकर्ताओं का विश्वास भाजपा और एनडीए की नीतियों में लगातार मजबूत हो रहा है।
गौरतलब है कि बुधवार को भजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में जन सुराज के कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी प्रो. डॉ. के.सी. सिन्हा, दीघा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी रितेश रंजन सिंह उर्फ बिट्टू सिंह, मनेर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी संदीप कुमार सिंह उर्फ गोपाल सिंह प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इनके अलावा विनीता बिट्टू सिंह, डॉ. किशोर कुमार, ब्रजकिशोर सिन्हा उर्फ गोपू जी, ब्रह्मदेव मांझी, सुनील यादव, राजू यादव, रंजीत सिंह, रामबाबू यादव, शुभम सिंह, मंटू राय और साधु जी सहित अनेक प्रमुख नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

