home page

आज देश और देश की सीमाएं दोनों सुरक्षित, दुनिया भारत की ताकत को स्वीकार कर रही है: नित्यानन्द राय

 | 
आज देश और देश की सीमाएं दोनों सुरक्षित, दुनिया भारत की ताकत को स्वीकार कर रही है: नित्यानन्द राय


पटना, 22 जून (हि.स.)। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने रविवार को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित अति पिछड़ा सम्मेलन में भाग लेते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की।

‎‎उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकास के भागीरथ, गरीबों के मसीहा और सामाजिक न्याय के सच्चे वाहक हैं। उनकी सरकार की योजनाओं का केंद्रबिंदु समाज के गरीब, वंचित, पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग हैं।‎‎सम्मेलन को संबोधित करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और सामाजिक सशक्तिकरण के नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में गरीब, गरीब का सम्मान और गरीबों के अधिकार तीनों सुरक्षित हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे गरीब और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।‎‎उन्होंने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है कि एक पिछड़े समाज का बेटा देश का प्रधानमंत्री बना और उसने अपने कार्यों के माध्यम से भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है और अति पिछड़ा समाज को सम्मान तथा अवसर प्रदान करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।‎‎देश की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लेख करते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि आज भारत की स्थिति पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि देश और देश की सीमाएं दोनों सुरक्षित हैं। भारत अब विश्व मंच पर निर्णायक भूमिका निभा रहा है और वैश्विक स्तर पर होने वाले महत्वपूर्ण निर्णयों में भारत की भागीदारी और नेतृत्व को स्वीकार किया जा रहा है। ‎‎उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है और दुनिया भारत की ताकत को सम्मान की दृष्टि से देख रही है।‎

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त