बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव:शांतिपूर्ण मतदान जारी, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे
पटना, 30 जुलाई (हि.स.)। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।
निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए 422 मतदान केंद्र (बूथ) बनाए हैं, जहां सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 3.79 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस उपचुनाव में कुल 25 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
चुनावी मुकाबले को मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज के प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता के बीच त्रिकोणीय माना जा रहा है।
यह उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद विधानसभा सीट रिक्त होने के कारण कराया जा रहा है। मतगणना 3 अगस्त को होगी, जिसके बाद उपचुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से निर्भीक होकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

