बूथ तक संगठन को मजबूत करें कार्यकर्ता, सेवा और संपर्क को बनाएं अपनी कार्यशैली : संजय सरावगी
पटना, 27 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी रविवार को भागलपुर पहुंचे। उनके भागलपुर प्रवास को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखा। खगड़िया, भागलपुर के बीच नौगछिया में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान भागलपुर–पूर्णिया–कोसी क्षेत्र के संगठन प्रभारी अनंत नारायण मिश्रा भी उनके साथ मौजूद रहे।
नौगछिया पहुंचने पर बिहार सरकार के मंत्री कुमार शैलेंद्र, जिला मंत्री रूपेश कुमार रूप सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने संजय सरावगी का स्वागत किया। इसके बाद जीरो माइल, नौगछिया में जिला अध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए संगठन के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।
भागलपुर के चाणक्य विहार जीरो माइल पहुंचने पर जिला अध्यक्ष संतोष कुमार, विधायक रोहित पांडेय, प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर, राजेश झा, जिला प्रभारी पवन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं की भीड़ और उत्साह के बीच प्रदेश अध्यक्ष ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया।
भागलपुर प्रवास के दौरान संजय सरावगी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत सरयू देवी मोहन लाल बालिका उच्च विद्यालय में आयोजित सेवा चित्र कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने सेवा कार्यों को संगठन की राजनीतिक और सामाजिक कार्यशैली का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए समाज के हर वर्ग के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने का संदेश दिया।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष प्रीति भवन, मिरजानहाट में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में शामिल हुए। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लोगों से संवाद किया। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का संदेश दिया।
इसके बाद संजय सरावगी भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का सबसे बड़ा आधार उसका कार्यकर्ता है। कार्यकर्ताओं को समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच लगातार संपर्क में रहना चाहिए और पार्टी की विचारधारा तथा सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव केवल चुनाव के समय नहीं लड़ा जाता, बल्कि संगठन की तैयारी लगातार चलती रहती है। बूथ स्तर तक मजबूत संगठन, सक्रिय कार्यकर्ता और समाज के साथ निरंतर संवाद ही पार्टी की शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सेवा, संपर्क और संगठन के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए हर बूथ को मजबूत बनाने में जुटें।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने जिला कोर कमिटी की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों, बूथ स्तर की स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। संजय सरावगी ने पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
देर शाम तिलकामांझी स्थित वृंदावन भवन में प्रबुद्धजनों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भाग लिया। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रबुद्धजनों से संवाद करते हुए सामाजिक विषयों, जनसरोकारों और संगठन की भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ निरंतर संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करता है।
भागलपुर प्रवास के दौरान मिले स्वागत और कार्यकर्ताओं के उत्साह के लिए संजय सरावगी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह स्नेह और समर्पण संगठन की वास्तविक ताकत है। भाजपा का कार्यकर्ता सेवा और संगठन के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के लिए निरंतर काम करता रहेगा।
इससे पहले सतीश नगर, खगड़िया में उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सतीश कुमार प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि बिहार के विकास, जनसेवा और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। जनकल्याण के प्रति उनका समर्पण और सेवा भाव आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

