कनकई नदी में डूबी युवती का शव पांच दिन बाद बरामद
किशनगंज, 16 जुलाई (हि.स.)। बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लौचा गांव में कनकई नदी में डूबी 20 वर्षीय युवती का शव घटना के पांच दिन बाद गुरुवार को पूर्णिया जिले के रौटा थाना क्षेत्र से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार लौचा वार्ड संख्या-4 निवासी महबूब आलम की पुत्री गौसिया परवीन रविवार की सुबह कपड़े धोने के लिए कनकई नदी किनारे गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। नदी में तेज बहाव होने के कारण वह डूब गई। घटना के समय नदी किनारे मौजूद बच्चों और ग्रामीणों ने उसे डूबते देखा तथा बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जिला पार्षद प्रतिनिधि इमरान आलम ने एसडीआरएफ को जानकारी दी। इसके बाद एसडीआरएफ की दो टीमें मौके पर पहुंचीं और लगातार पांच दिनों तक नदी में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। हालांकि युवती का कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार को पूर्णिया जिले के रौटा थाना क्षेत्र स्थित खातटोली घाट के समीप नदी में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गौसिया परवीन के रूप में की।
पुलिस ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया। इसके बाद शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

