home page

गड्ढे से विवाहिता का शव बरामद, तीन दिनों से थी लापता

 | 
गड्ढे से विवाहिता का शव बरामद, तीन दिनों से थी लापता


भागलपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत अठनिया गांव में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पानी से भरे एक गड्ढे से एक विवाहिता का शव बरामद किया गया। मृतका अठनिया गांव निवासी गुड्डू यादव की पत्नी राधिका देवी (22 ) है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, राधिका देवी पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता थी। परिजन उसकी काफी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पा रहा था। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के ही एक पानी भरे गड्ढे में एक शव को उतराते हुए देखा, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतका की पहचान राधिका देवी के रूप में की।

विवाहिता का शव मिलने के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं आम हैं। वहीं, घटना के बाद से ही मृतका का पति गुड्डू यादव समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। ससुराल वालों के अचानक भाग जाने के कारण मामले में हत्या कर शव को छुपाने की नीयत से गड्ढे में फेंकने की आशंका जताई जा रही है। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पीरपैंती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फरार पति और ससुराल वालों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर