मझिया नदी के समीप 13 वर्षीय किशोरी का शव बरामद, क्षेत्र में सनसनी
किशनगंज, 01 जून (हि.स.)। शहर के डुमरिया भट्टा निवासी मनोज साह की 13 वर्षीय पुत्री मेनका कुमारी का शव सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मझिया नदी के समीप बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
बताया जाता है कि स्थानीय लोगों की नजर नदी किनारे पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल सदर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
किशोरी का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, मौत के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुट गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

