भाजयुमो ने लगाया रक्तदान शिविर, पूर्व डिप्टी सीएम बोले- रक्तदान ही सबसे बड़ी मानव सेवा
कटिहार, 23 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देशभर में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), कटिहार द्वारा ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाजसेवा और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आम लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करना था।
शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। किसी भी जरूरतमंद मरीज के लिए एक यूनिट रक्त जीवनदान साबित हो सकता है। दुर्घटना, ऑपरेशन, गंभीर बीमारी और प्रसव जैसी आपातकालीन स्थितियों में समय पर रक्त मिलना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वैच्छिक रक्तदान से ब्लड बैंक में रक्त की कमी नहीं होती, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत सहायता मिलती है। उन्होंने सभी से इस सेवा संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि ‘सेवा ही संकल्प, सेवा ही संस्कार’ के भाव के साथ आयोजित यह शिविर समाज में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी का सशक्त संदेश देता है।
इस अवसर पर प्राणपुर विधायक सह महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, गोविंदा अधिकारी, सौरभ कुमार मालाकार तथा जिला उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश चौधरी सहित भाजपा व भाजयुमो के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में भास्कर सिंह, अम्बेश यादव, राकेश चौधरी और विवेक सिंह सहित अनेक युवाओं ने रक्तदान किया। कार्यक्रम में महेंद्र झा, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका सिंह, आरती चौधरी, प्रभात मिश्रा, भाजयुमो जिला महामंत्री जंक्शन यादव और अंकित मालाकार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

