home page

छपरा में भाजपा युवा मोर्चा और महिला मोर्चा ने राहुल गांधी का फूंका पुतला

 | 
छपरा में भाजपा युवा मोर्चा और महिला मोर्चा ने राहुल गांधी का फूंका पुतला


छपरा में भाजपा युवा मोर्चा और महिला मोर्चा ने राहुल गांधी का फूंका पुतला


सारण, 22 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन और हंगामे के खिलाफ आक्रोश की ज्वाला अब जिलों तक पहुंच गई है। शहर का हृदय स्थली कहे जाने वाले नगरपालिका चौक पर भारतीय जनता युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के संयुक्त तत्वाधान में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और राहुल गांधी का पुतला फूंक अपना रोष प्रकट किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजपा जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की प्रतिष्ठा और वैश्विक मंचों पर भारत की साख के साथ किया गया यह खिलवाड़ न केवल निंदनीय है, बल्कि कांग्रेस की राष्ट्रविरोधी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी प्रगति एआई समिट को देख रहा है, तब कांग्रेस कार्यकर्ता अराजकता फैलाकर देश की छवि धूमिल कर रहे हैं। रंजीत सिंह ने राहुल गांधी की नैतिकता पर सवाल उठाते हुए उनसे सांसद पद से इस्तीफे की मांग की।

युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष शुभम वर्मा ने यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को पूरी तरह अराजक करार दिया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लोकतंत्र के मंचों को अराजकता का अखाड़ा बनाने की कांग्रेस की यह मानसिकता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इसे सुनियोजित तरीके से देश को बदनाम करने की साजिश बताया। मौके पर उपस्थित प्रमुख चेहरे इस विरोध प्रदर्शन में स्थानीय विधायक छोटी कुमारी, निवर्तमान जिलाध्यक्ष रामदयाल शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश प्रसाद सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार