home page

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता और भीड़तंत्र हटाओ अभियान को लेकर भाजपा की बैठक

 | 
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता और भीड़तंत्र हटाओ अभियान को लेकर भाजपा की बैठक


अररिया 24 अक्टूबर(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से लोकतंत्र बचाओ, अराजकता और भीड़तंत्र हटाओ विषय को लेकर विपक्ष के आरोपों का तथ्यात्मक प्रत्युत्तर देने तथा जनता के बीच सच्चाई रखने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत कई तरह के जन जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।जिले के सभी भाजपा कार्यकर्ता इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी विजय शंकर चौधरी उर्फ खोखा बाबू उपस्थित रहे।

बैठक में अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनता के बीच सही तथ्यों, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर आधारित संवाद आवश्यक है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित विपक्षी दलों द्वारा उठाए जा रहे सवालों और आरोपों का भाजपा कार्यकर्ता तथ्यों एवं तर्कों के आधार पर जवाब देंगे। साथ ही विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और समाज के प्रबुद्ध वर्ग को लोकतंत्र के प्रति जागरूक किया जाएगा।

बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष सह व्यापारिक आयोग के सदस्य आलोक कुमार भगत, पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता, जिला महामंत्री आकाश राज, राष्ट्रीय परिषद सदस्य जय रानी यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर