भाजपा जिला कार्यालय में संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती को लेकर बैठक
अररिया 08 अप्रैल(हि.स.)।
अररिया जिला भाजपा कार्यालय में बुधवार को जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा की अध्यक्षता में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।बैठक का उद्देश्य संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर बूथ स्तर तक कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करना था।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्णिया के निवर्तमान जिलाध्यक्ष मनोज सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रदेश से प्राप्त निर्देशों के अनुसार 13 अप्रैल को जिले, मंडल एवं बूथ स्तर पर जहां भी महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित हैं या सार्वजनिक स्थल हैं, वहां व्यापक स्तर पर साफ-सफाई एवं सजावट करने का निर्णय लिया गया।शाम में दीपोत्सव का आयोजन करने के साथ ही 14 अप्रैल को पुष्पांजलि अर्पित कर जयंती मनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु विधानसभा संयोजक, मंडल प्रभारी, शक्ति केंद्र प्रभारी एवं बूथ स्तर पर प्रभारी नियुक्त किए जाएं, ताकि कार्यक्रम का व्यापक एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम प्रभारी मनोज सिंह ने सभी मंडल अध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे शक्ति केंद्र स्तर पर बूथ अध्यक्षों के साथ 9 एवं 10 अप्रैल को बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार करें। साथ ही 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक चलने वाले सभी कार्यक्रमों की पूर्ण योजना पहले से सुनिश्चित कर ली जाए।
जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने अपने संबोधन में सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करें। वहीं जिला प्रभारी विजय कुमार सिंह उर्फ खोखा बाबू ने कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

