home page

तीन राज्यों में बेहतर प्रदर्शन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

 | 
तीन राज्यों में बेहतर प्रदर्शन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न


सुपौल, 04 मई (हि.स.)। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना के बाद सोमवार को आए परिणामों में तीन राज्यों में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। खासकर पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत और पहली बार सरकार बनाने की ओर बढ़ने पर सिमराही नगर में जोरदार जश्न मनाया गया।

सोमवार को भाजपा कार्यकर्ता जेपी चौक एनएच-27 पर एकत्रित होकर स्थानीय लोगों के साथ मिलकर खूब जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए, जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर मिठाइयां खिलाईं। साथ ही, बंगाल चुनाव के दौरान भुजा को प्रतीकात्मक रूप से जोड़ते हुए लोगों के बीच भुजा का वितरण भी किया गया।

नगर अध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता ने गले में भुजा का खोंचा लटकाकर खुद लोगों के बीच वितरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नगर अध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता ने कहा कि यह जीत देश की जनता के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकास की नीतियों पर भरोसे का परिणाम है। वहीं जिला मंत्री स्मृति कुमारी ने कहा कि आज का दिन हम सबके लिए गर्व और खुशी का है।

पश्चिम बंगाल की जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश देकर भाजपा को अप्रत्याशित विजय दिलाई है। यह जीत केवल चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि जनता के अटूट विश्वास की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रोकने की कोशिशों के बीच जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण के साथ खड़ी है। यह जीत नारी सम्मान और जनविश्वास की जीत है।

महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता देवी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने परिवर्तन का रास्ता चुना है। यह जीत महिलाओं की भागीदारी और उनके सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। आने वाले समय में भाजपा सरकार महिलाओं के विकास और सुरक्षा को प्राथमिकता देगी। जिला उपाध्यक्ष सीमा कुशवाहा ने कहा कि भाजपा की यह जीत संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर आगे बढ़ते हुए देश को नई दिशा देने का काम कर रही है। इस मौके पर दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र