home page

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण : कटिहार में भव्य 'सेवा ज्योति यात्रा', प्रभारी मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी होंगे मुख्य अतिथि

 | 

कटिहार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी 7 अक्टूबर (बुधवार) को कटिहार में 'विकसित भारत संकल्प सभा सह सेवा ज्योति यात्रा' का भव्य आयोजन किया जाएगा। मिरचाईबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर चौक (प्रस्तावित ‘सेवा ज्योति चौक’) पर सुबह 9 बजे से आयोजित होने वाले इस विशाल कार्यक्रम में बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व मंत्री सह कटिहार जिला प्रभारी प्रमोद चंद्रवंशी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

भाजपा के 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम की कड़ी में इस सभा व यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में कटिहार जिले के नगर, मंडल, पंचायत एवं बूथ स्तर तक के लगभग 5,000 कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के भाग लेने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान सभी कार्यकर्ता और गणमान्य लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक संबोधन को भी सुनेंगे।

कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निस्वार्थ सार्वजनिक जीवन और सेवा भाव को समर्पित यह अभियान जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक सभा में जिले के सभी जनप्रतिनिधि, पूर्व सांसद, पूर्व विधान पार्षद, पूर्व विधायक सहित वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में आम कार्यकर्ता शामिल होंगे।

कार्यक्रम प्रभारी सह भाजपा जिला महामंत्री रामनाथ पाण्डेय ने जिले के सभी स्तरों के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से निर्धारित समय पर मिरचाईबाड़ी स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर समय पर पहुंचे और सेवा, समर्पण तथा विकसित भारत के इस महाअभियान के साक्षी बनकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह