home page

अनुशासन, सेवा और समर्पण भाजपा की पहचान: संजय सरावगी

 | 
अनुशासन, सेवा और समर्पण भाजपा की पहचान: संजय सरावगी


पटना, 08 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी आज अपनी प्रवास यात्रा के क्रम में सहरसा पहुंचे। कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया।

सहरसा के बलुआ चौक पहुंचने के बाद भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया और उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सरावगी पूजा रिसोर्ट पहुंचे, जहाँ सैकड़ों की संख्या में जुटे जिले भर के कार्यकर्ताओं ने अपने अध्यक्ष का अभूतपूर्व स्वागत किया। अपने अध्यक्ष के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा खास तैयारी की गई थी।

यहां कार्यकर्ता सम्मेलन सह सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह उत्साह और समर्पण ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है, जो बिहार को सशक्त और आत्मनिर्भर भविष्य की ओर अग्रसर कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा देश और समाज के लिए राजनीति करती है। असंख्य समर्पित कार्यकर्ताओं की बदौलत आज पार्टी इस मुकाम पर स्थापित हो पाई है। भाजपा कार्यकर्ता और विचारधारा आधारित पार्टी है। पार्टी आज जिस मुकाम पर है, यह करोड़ों कार्यकर्ताओं की तपस्या और मेहनत का परिणाम है। कार्यकर्ताओं के दम पर ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है।

उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण, सेवा, त्याग और तपस्या भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है और हम सब को इसे बनाए भी रखना है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता केवल चुनाव के लिए कार्य नहीं करते हैं, बल्कि प्रति दिन और 24 घंटे पार्टी की मजबूती और राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि यह प्रवास कार्यक्रम कोई कार्यक्रम नहीं बल्कि जनता के बीच भरोसे का सेतु बनाने का अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि हमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर घर-घर पहुंचना है। भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर जनता से संवाद करें और योजनाओं की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि हमारे पास बताने के लिए काफी कुछ है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि हमलोग पिछले 20 साल से सुशासन और न्याय के साथ विकास के संकल्प के साथ बिहार को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार को एनडीए ने विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है और विकसित बिहार बनाना हमारी प्रतिबद्धता है।

इस कार्यक्रम के बाद वे जिला कार्यालय पहुंचे, जहां जिला के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। यहां उन्होंने जिला कोर कमिटी की बैठक में शामिल होकर कई विषयों पर मार्गदर्शन दिया।

इससे पहले वे सहरसा के बनगांव स्थित सुप्रसिद्ध 'बाबा जी कुटीर' पहुंचे और सविधि दर्शन-पूजन किया। इस पावन मौके पर उन्होंने बाबा के चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं चहुंमुखी विकास के लिए प्रार्थना की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के सहरसा के बलुआ चौक पहुँचने पर प्रदेश मंत्री सह प्रदेश अध्यक्ष (किसान मोर्चा) मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष साजन शर्मा, जिला मंत्री पंकज पाठक एवं पूर्व जिला अध्यक्ष नीरज गुप्ता सहित पार्टी के मंडल अध्यक्ष, प्रभारी, पदाधिकारी और सैकड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान भाजपा के समर्थन में जमकर नारे लगाए गए।

सरावगी के सहरसा जाने के दौरान दरभंगा पूर्वी जिले के विभिन्न स्थानों पर पार्टी के जिला मंत्री, पदाधिकारियों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं द्वारा भी जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त