home page

एनडीए के सभी प्रत्याशियों की जीत हमारी एकजुटता का प्रमाण: संजय सरावगी

 | 

पटना, 16 मार्च (हि.स.)। बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने राज्यसभा चुनाव में एनडीए के सभी पांच उम्मीदवारों की जीत पर प्रसन्नता जताते हुए विजयी सभी उम्मीदवारों को बधाई और नए दायित्वों के लिए शुभकामना दी है।

उन्होंने कहा कि एनडीए के विधायकों ने आज तीन पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्षों को जीत दिलाई है। भाजपा अध्यक्ष ने सभी विजयी उम्मीदवारों भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर और शिवेश राम को जीत की बधाई देते हुए कहा कि यह हमारे गठबंधन एनडीए की बहुत प्रभावी और प्रमाणित जीत है।

उन्होंने कहा कि महागठबंधन के लोग अपने उम्मीदवार की जीत को लेकर अफवाह फैलाते रहे लेकिन जीत एनडीए के पक्ष में रही। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में एनडीए की एकजुटता से एनडीए को प्रचंड बहुमत मिला था और इस चुनाव में भी हमारी एकजुटता पूरे देश को दिखी है।

भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि एनडीए सभी प्रत्याशियों की जीत हमारी एकजुटता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित सभी पांच लोगों के राज्यसभा पहुंचने से उच्च सदन में एनडीए बहुत ही प्रभावी तरीके से उभरेगा, जिसका लाभ बिहार को मिलेगा। इस चुनाव परिणाम से स्पष्ट हो गया है कि विपक्ष पूरी तरह से साफ हो चुका है।

उन्होंने एनडीए के उम्मीदवारों को समर्थन देने वाले विधायकों का भी आभार जताते हुए कहा कि राजद और कांग्रेस बिहार में नेतृत्वविहीन हो चुके हैं। दोनों दल आज अपने विधायकों को भी नहीं संभाल पा रहे हैं।

उन्होंने दावे के साथ कहा कि राजद के पास आज अगर पूर्ण बहुमत होता तो वे किसी दूसरे को नहीं, बल्कि अपने परिवार के किसी सदस्य को उम्मीदवार बनाती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त