जेएनयू में छात्राओं से कथित बदसलूकी पर कटिहार में उबाल: भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार ‘जनाक्रोश प्रदर्शन’
कटिहार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की 11 छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न मामले और इसमें कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोईजम से जुड़े प्रकरण के विरोध में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने शहर के शहीद चौक पर जोरदार 'महिला जनाक्रोश प्रदर्शन' किया। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रियंका सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पीड़ित छात्राओं के लिए न्याय, सुरक्षा और दोषियों पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों में छात्राओं की गरिमा और सुरक्षा सर्वोपरि है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कानून सम्मत सख्त से सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि महिलाओं के सम्मान व अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
प्रदर्शन में एकजुटता प्रकट करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, प्रदेश मंत्री सीमा झा, जिला महामंत्री गोविंद अधिकारी तथा जिला उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश चौधरी सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं नेता शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से महेंद्र झा, सत्यम सिंह, रीना झा, शांति जायसवाल, गीता पासवान, नीतू पावन, बुलबुल सिंह, ज्योति कुमारी, कृष्ण देवी, रीना तिवारी एवं भवानी साह सहित महिला मोर्चा व भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

