home page

एसटी-एससी छात्रावास में भाजपा का संवाद और सहभोज, समरसता को मिली नई मजबूती

 | 
एसटी-एससी छात्रावास में भाजपा का संवाद और सहभोज, समरसता को मिली नई मजबूती


सीवान, 21 मार्च (हि.स.)।जिले में सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

शहर के वीएमएचई हाई स्कूल परिसर स्थित एसटी-एससी छात्रावास में भाजपा जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी, दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह और भाजपा प्रदेश मंत्री नंदप्रसाद चौहान ने छात्रों से मुलाकात की तथा उनके साथ सहभोज किया।

कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने छात्रावास में रह रहे छात्रों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। इस पहल का उद्देश्य न केवल छात्रों की स्थिति को समझना था, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी भाईचारे और सौहार्द को भी मजबूत करना था।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि पार्टी हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में समानता और समरसता स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विधायक कर्णजीत सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि छात्रों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

भाजपा प्रदेश मंत्री नंदप्रसाद चौहान ने कहा कि भाजपा का मूल सिद्धांत “सबका साथ, सबका विकास” है। उन्होंने कहा कि सहभोज जैसे कार्यक्रम सामाजिक एकता और समानता का संदेश देते हैं तथा समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और छात्रों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। इस सहभोज ने सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। इस दौरान नेताओं ने छात्रों को शिक्षा के महत्व, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सामाजिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

सीवान में भाजपा द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। पूर्व में भी डॉ. भीमराव आंबेडकर और संत रविदास की जयंती पर भव्य आयोजन कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया है।

इस कार्यक्रम में संजय पाण्डेय, धनंजय सिंह, हरेंद्र सिंह कुशवाहा, सत्यम सिंह, सोनू चंद्र, विजय प्रकाश यादव उर्फ हैप्पी, देवेंद्र गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव, किरण गुप्ता, विजय चौधरी, अनुरंजन मिश्रा, पूनम गिरि, प्रेम मांझी, हीरालाल राम, सुभाष कुशवाहा, अजीत चौरसिया, सौरभ कुशवाहा, शैलेश कुमार, सत्येंद्र कुमार, अरविन्द कुमार, नितेश कुमार, मंजीत राम, ओम प्रकाश राम, मणिकांत राम, सुनील राम, अनुज राम, अरविन्द राम, पंकज राम, मुकेश राम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma