home page

नीतीश कुमार को सम्मानित विदाई दें भाजपा, राज्यसभा चुनाव में पांचवां प्रत्याशी ले वापस: राजेश राठौड़

 | 
नीतीश कुमार को सम्मानित विदाई दें भाजपा, राज्यसभा चुनाव में पांचवां प्रत्याशी ले वापस: राजेश राठौड़


पटना, 07 मार्च (हि.स.)। बिहार की सत्ता को हड़पने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जबरन राज्यसभा भेजा जा रहा है। साथ ही राज्यसभा चुनाव में अतिरिक्त उम्मीदवारी देना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अंतिम राजनीतिक यात्रा में भी अड़ंगा डालना अपने ही गठबंधन सहयोगी के साथ क्रूरतम व्यवहार है। उक्त बातें प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहीं।

उन्होंने कहा कि भाजपा को अविलंब अपने अतिरिक्त उम्मीदवार का नाम निर्देन प्रपत्र वापस लेना चाहिए ताकि नीतीश कुमार की अंतिम राजनीतिक पारी सम्मान के साथ संभव हो सकें।

राजेश राठौड़ ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को राज्यसभा के अपने एक अतिरिक्त उम्मीदवार का नाम वापस लेनाचाहिए और नीतीश कुमार को निर्विरोध निर्वाचन कराकर उनके अंतिम राजनीतिक यात्रा का सम्मानपूर्वक अंत करने में भागीदार बनें।

उन्होंने कहा कि 2005 से मुख्यमंत्री रहते नीतीश कुमार ने अपने पूरे मुख्यमंत्रित्व काल में एक बार छोड़कर, हर बार विधान पारिषद और राज्य सभा का निर्वाचन निर्विरोध करवायें और अतिरिक्त मत रहते हुए भी कभी मतदान के पक्ष में नहीं रहें। ऐसे में आखिर भाजपा और एनडीए ने किस उम्मीद से पांचवें प्रत्याशी की घोषणा कर दी और उनसे नामांकन भी करवा दिया। निश्चित तौर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सत्ता हड़पने के बाद उन्हें अंतिम राजनीतिक पारी में भी बेइज्जत कर कहीं सत्ता से दूर रखने की साजिश तो नहीं रच दी गई है।

उन्होंने मांग किया कि अविलंब एनडीए के शीर्ष नेताओं को नीतीश कुमार की राज्यसभा उम्मीदवारी को लेकर उलझी इस भ्रम को संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से दूर करना चाहिए, आखिर संख्याबल नहीं रहने पर क्या नीतीश कुमार को ही पांचवें उम्मीदवार के रूप में भाजपा ने तो नहीं उतार दिया है!

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त