home page

भाजपा किसान मोर्चा की जिला बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

 | 
भाजपा किसान मोर्चा की जिला बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर


कटिहार, 20 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कटिहार जिला किसान मोर्चा की एक अहम बैठक जिलाध्यक्ष नरेश मंडल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में बतौर मुख्य अतिथि पहली बार कटिहार पहुंचे किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राम सुमिरन सिंह का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए स्पष्ट किया कि किसान मोर्चा भाजपा का अभिन्न अंग है और पार्टी की मजबूती के लिए इसे बूथ स्तर तक सशक्त करना अत्यंत आवश्यक है।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राम सुमिरन सिंह ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विधानसभा प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभालते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में जाएं। उन्होंने मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और पार्टी के कार्यक्रमों को निष्ठापूर्वक लागू करने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने वर्तमान में चल रहे संगठनात्मक कार्यों को बेहतर ढंग से निष्पादित करने के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई दी और पार्टी की मजबूती में अग्रणी भूमिका निभाने का आग्रह किया।

इससे पूर्व, बैठक का विधिवत शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम के गान के साथ किया गया। जिलाध्यक्ष नरेश मंडल ने मुख्य अतिथि राम सुमिरन सिंह को अंग वस्त्र और पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका भव्य अभिनंदन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह