भाजपा जिला कार्यालय में संगठनात्मक मंथन: नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और आपसी समन्वय को मजबूत करने का संकल्प
कटिहार, 04 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में रविवार को जिला स्तरीय परिचयात्मक एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भागलपुर, कोसी एवं सीमांचल के राष्ट्रीय संगठक अनंत नारायण मिश्रा शामिल हुए। राष्ट्रीय संगठक के प्रथम कटिहार आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों द्वारा उनका भव्य अभिनंदन व स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य नेताओं द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के गायन के साथ हुआ। जिलाध्यक्ष मनोज राय ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया, जिसके बाद बड़ी संख्या में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भी उनका अभिनंदन किया।
संगठन को सशक्त व जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अनंत नारायण मिश्रा ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति समर्पित कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने संगठनात्मक दायित्वों के कुशल निर्वहन, पार्टी की नीतियों व विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ संगठनात्मक कार्यों को नई गति देने पर बल दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनोज राय ने सभी कार्यकर्ताओं का परिचय कराया और कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय व प्रभावी बनाना तथा कार्यकर्ताओं के बीच आपसी समन्वय और बेहतर संवाद स्थापित करना है।
वरिष्ठ नेताओं व जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
बैठक में मंच पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, प्राणपुर विधायक सह महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा, तथा प्रवासी एवं विस्तारक के प्रदेश प्रभारी संजय राय उपस्थित रहे।
इसके अलावा बैठक में पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष लक्खी महतो, डॉ. एस. एन. पोद्दार, जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, गोविंदा अधिकारी, सौरभ कुमार मालाकार, जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, अशोक गुप्ता, जिला मंत्री धर्मनाथ तिवारी, सबिता शर्मा, मंजू चंद्रवंशी सहित विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठ व प्रकल्पों के संयोजक, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

