home page

“गांव चलो अभियान” के तहत वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, पूर्वजों के योगदान को भाजपा का नमन

 | 
“गांव चलो अभियान” के तहत वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, पूर्वजों के योगदान को भाजपा का नमन


सीवान, 10 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रव्यापी “गांव चलो अभियान” के तहत सीवान में वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उन कार्यकर्ताओं को सम्मानित करना था, जिन्होंने वर्षों तक अपने त्याग, समर्पण और संघर्ष से संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया।

समारोह में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान महुवारी पश्चिम टोला के बिंदा साह, उखाई पूर्व टोला के दयाशंकर सिंह कुशवाहा, पूर्व विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गजाधर विद्रोही तथा दरौली प्रखंड में भारतीय जनसंघ के मंडल अध्यक्ष रहे शैलेन्द्र जैन को अंगवस्त्र, पुष्पमाला और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित होती है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और निष्ठा के बल पर ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन सकी है। उन्होंने सीवान की धरती को गौरवशाली बताते हुए कहा कि यहां के कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी के सिद्धांतों को मजबूती से आगे बढ़ाया है।

उन्होंने आगे कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान महज औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके संघर्ष के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उनका मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जिससे संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलती है।

कार्यक्रम में अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखते हुए सम्मानित कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति समर्पण और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुभाष सिंह कुशवाहा, अजीत कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma