home page

भाजपा जिलाध्यक्ष ने संसद की गरिमा से कांग्रेस पर खिलवाड़ का लगाया आरोप

 | 
भाजपा जिलाध्यक्ष ने संसद की गरिमा से कांग्रेस पर खिलवाड़ का लगाया आरोप


अररिया 16 मार्च(हि.स.)।

भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कांग्रेस पर संसद के गरिमा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है।भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कहा कि बजट सत्र के दौरान 12 मार्च को संसद भवन के मकर द्वार के बाहर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सहित कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों के बीस सांसदों द्वारा चाय पार्टी आयोजित करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि संसद देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था है, जिसकी गरिमा और मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है। किंतु इस घटना के माध्यम से संसद परिसर को एक प्रकार से पार्लियामेंट पिकनिक स्पॉट बनाने का प्रयास किया गया।

जिलाध्यक्ष झा ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष द्वारा मकर द्वार पर किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन या गतिविधि पर स्पष्ट रोक के बावजूद विपक्षी सांसदों ने वहां बैठकर विरोध का नाटक किया, जो संसदीय नियमों और अध्यक्ष के निर्देशों की खुली अवहेलना है।उन्होंने कहा कि इस दौरान देश में रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर भी भ्रामक प्रचार किया गया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के प्रत्येक नागरिक तक ऊर्जा सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

इस अवसर पर पूर्व रानीगंज विधायक परमानंद ऋषिदेव, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन, कार्यालय मंत्री नीरज कुमार, बाजपेयी मंडल अध्यक्ष दीपक कुमार, दुलाल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर