भाजपा की जिला कोर कमेटी की बैठक में प्रशिक्षण महाअभियान की तैयारी पर चर्चा
कटिहार, 03 मार्च (हि.स.)। भाजपा की जिला कोर कमेटी की बैठक पूर्व उपमुख्यमंत्री और सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में 7 मार्च से शुरू होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को सफल बनाने के लिए चर्चा की गई।
बैठक में जिला अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि मंडल स्तरीय प्रशिक्षण में प्रमुख मंडल कार्यकारिणी, मंडल मोर्चा अध्यक्ष, और महामंत्री, जिला एवं प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान संगठन को और अधिक सशक्त व प्रभावी बनाएगी।
मनोज राय ने कहा कि मंडल स्तर के प्रशिक्षण शिविर 7 मार्च से प्रारंभ होकर 14 अप्रैल तक चरणबद्ध रूप से आयोजित किए जाएंगे। कार्यकर्ता प्रशिक्षण के माध्यम से ही नेता बनते हैं और समय-समय पर प्रशिक्षण लेने से कार्यकर्ता अपडेट रहते हैं।
बैठक में कटिहार जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान संगठन को मजबूत बनाने में मदद करेगा।
बैठक में प्राणपुर विधायक निशा सिंह, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, पूर्व विधान परिषद राजवंशी सिंह, और अन्य नेता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

