home page

चैत्र नवरात्रि के पहले दिन महावीर मंदिर पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, लिया आशीर्वाद

 | 
चैत्र नवरात्रि के पहले दिन महावीर मंदिर पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, लिया आशीर्वाद


पटना, 19 मार्च (हि.स.)। बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी आज चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर पहुंचे और पवनपुत्र बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भगवा झंडा दिखाकर श्री राम रथ को रवाना किया। इस शुभ अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं कृषि मंत्री रामकृपाल यादव भी साथ रहे।

इस अवसर पर श्री श्री रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति के सभी सदस्यों समेत न्यू मार्केट दुकानदार एसोसिएशन के सदस्य भी उपस्थित थे।

इस मौके पर पूरा इलाका जय श्री राम के जयघोष से गूंजता रहा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस अवसर पर कहा कि सनातन परंपराओं और प्रभु श्री राम के आदर्श पर आधारित जीवन शैली ही मानवता के लिए कल्याणकारी है।

उन्होंने लोगों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम ने हमें धर्म का अनुसरण करते हुए जीवन जीने की प्रेरणा दी। उनका संपूर्ण जीवन हमें भारतीय संस्कृति के उदात्त गुणों श्रद्धा, भक्ति, शक्ति, शांति, शील और सदाचार की प्रेरणा प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादाओं के पालन और कर्तव्य परायणता की सीख देता है। प्रभु श्रीराम के चरित्र में पग-पग पर मर्यादा, त्याग, प्रेम और लोक व्यवहार के दर्शन होते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त