स्थापना दिवस को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
पटना, 25 मार्च (हि.स.)। बिहार में भाजपा पार्टी का स्थापना दिवस बड़े स्तर पर मनाएगी। भाजपा का स्थापना दिवस पांच अप्रैल से 12 अप्रैल तक मनाया जाएगा। स्थापना दिवस को लेकर आज प्रदेश कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी उपस्थित हुए और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि पांच से सात अप्रैल को पार्टी पदाधिकारी कार्यालय की सजावट करेंगे, छह अप्रैल को सभी कार्यालयों में विकास यात्रा होगी। कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर भाजपा का ध्वजारोहण करेंगे। ध्वज के साथ सेल्फी लेना और सोशल मीडिया पर पोस्ट करना है। 6 या 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों के साथ स्थापना दिवस मनाया जाएगा।
आठ और नौ अप्रैल को जिला कार्यालय में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा जिसमें विभिन्न चयनित विषयों पर चर्चा की जाएगी।
इस दौरान सात से 12 अप्रैल तक गाँव बस्ती चलो अभियान चलाया जाएगा जिसमें सभी पार्षद, पंचायत सदस्य के ऊपर के जनप्रतिनिधियों सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ता भाग लेंगे। यह कार्यक्रम एक विधानसभा में 50 बड़े गाँव में आयोजित किए जाएंगे।
संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया ने कहा कि इस बार स्थापना दिवस को लेकर पूरी तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर स्थापना दिवस कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए संयोजक बनाए गए हैं। इस टोली में प्रदेश महामंत्री राधामोहन शर्मा, पूर्व विधायक पवन जायसवाल, पिंकी कुशवाहा, सत्यपाल नरोत्तम और राजीव रंजन को शामिल किया गया है।
इसके लिए 13 भागों में क्षेत्रवार कार्यक्रम प्रभारी बनाए गए हैं। मिथिला के लिए जहां डाॅ रागिनी रानी को प्रभारी बनाया गया वहीं तिरहुत के लिए संजय तिवारी, मगध के लिए स्वाति सिन्हा, शाहाबाद- जनार्दन शर्मा जोगी, चंपारण के लिए अर्जुन गुप्ता को दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा सारण के लिए गौतम कुमार, भागलपुर के लिए विट्टू सोनी, कोशी के लिए पूनम शर्मा, सीमांचल- अमरेश कुमार ओझा, पटना - निधि सिंह, मुंगेर के लिए सुशांत कुमार और बेगुसराय के लिए अर्चना ठाकुर को जिम्मेदारी दी गई है।
इस बैठक में मुख्यालय सह प्रभारी दिलिप मिश्रा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रभात मालाकार, सोशल मीडिया सह संयोजक अंबरीश शर्मा मौजूद रहे। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

