खगड़िया में भाजपा के नए जिला कार्यालय का उद्घाटन, संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन विस्तार का मंत्र
पटना, 21 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी खगड़िया जिला के नवनिर्मित जिला कार्यालय का शुक्रवार को विधिवत उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी विशेष रूप से मौजूद रहे।
उन्होंने नए कार्यालय को संगठन के लिए अपना घर बताते हुए कहा कि यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि खगड़िया में भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को नई मजबूती देने की शुरुआत है।
संजय सरावगी ने कहा कि कार्यालय की चारदीवारी के निर्माण को भी जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सुविधा और संगठन की मजबूती के लिए कार्यालय का नियमित रूप से सक्रिय रहना जरूरी है। उन्होंने जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न भगत से आग्रह किया कि रोस्टर बनाकर प्रतिदिन जिला का कोई न कोई पदाधिकारी कार्यालय में मौजूद रहे, ताकि किसी भी कार्यकर्ता के आने पर उसकी बात सुनने और समस्या के समाधान के लिए पदाधिकारी उपलब्ध रहें।
उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन के प्राण हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत, त्याग और समर्पण के कारण ही भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। पार्टी के मनीषियों ने जो विचारधारा दी, उसे लेकर कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचे और संगठन को मजबूत किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार के कार्यकर्ताओं का लंबे समय से सपना था कि भाजपा का कोई कार्यकर्ता बिहार का मुख्यमंत्री बने। सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने को उन्होंने बिहार भाजपा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी ने प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री और उपमुख्यमंत्री सहित कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया और अब एनडीए सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में बिहार का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी की कर्मभूमि खगड़िया रही है और इसलिए खगड़िया के कार्यकर्ताओं के लिए यह गौरव का विषय है।
संजय सरावगी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने जंगलराज से सुशासन की ओर कदम बढ़ाया और अब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सुशासन को समृद्धि में बदलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार शिक्षा, प्रशासनिक सुधार और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए 221 डिग्री कॉलेजों के शुभारंभ, प्रखंड स्तर पर मॉडल विद्यालयों की शुरुआत और विद्यार्थियों की समस्याओं के ऑनलाइन समाधान के लिए पोर्टल जैसी पहलों को सरकार की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी डिग्री, प्रमाणपत्र, छात्रावास अथवा अन्य समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ऑनलाइन माध्यम से शिकायतों के समयबद्ध समाधान की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने सहयोग शिविर का भी उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रखंड में महीने के प्रथम और तीसरे मंगलवार को शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें आम लोग अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में उनका समाधान करना होगा।
वंदे मातरम् को लेकर संजय सरावगी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत और देश के अमर शहीदों के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रभावना और राष्ट्रीय गौरव को मजबूत करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। भाजपा कार्यकर्ता इसी संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम से पहले संजय सरावगी ने बेगूसराय के दिनकर गोलंबर स्थित राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि दिनकर का ओजस्वी साहित्य, राष्ट्रप्रेम और स्वाभिमान से ओत-प्रोत विचार आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। दरभंगा से खगड़िया जाने के क्रम में समस्तीपुर के मथुरापुर घाट पर विधान परिषद सदस्य डॉ. तरुण कुमार सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

